Thursday, October 22nd, 2026

कोहली ने हवा में डाइव लगाकर पकड़ा जोरदार कैच

नई दिल्ली
भारत और इंग्लैंड के बीच वनडे सीरीज का तीसरा और निर्णायक मैच अब अंतिम पड़ाव में हैं। यह मैच इस समय रोमांचक मोड़ पर खड़ा है, जहां दोनों में कोई भी टीम जीत हासिल कर सकती है। क्रिकेट के मैदान पर अपनी फील्डिंग प्रयासों के लिए मशहूर भारतीय कप्तान विराट कोहली ने इंग्लैंड के पारी के दौरान एक बेहद शानदार कैच पकड़ा और टीम को अहम मौके पर विकेट दिलवाया। 200 रनों के स्कोर पर 7 विकेट गंवाने के बाद भारतीय टीम की जीत आसान लग रही थी, लेकिन यहां से सैम करन और आदिल रशीद ने कमाल की बल्लेबाजी की और आठवें विकेट के लिए 57 रन जोड़े। आदिल का कैच लेने के दौरान विराट को थोड़ी-बहुत चोट भी आई। टीम को यह सफलता एक बार फिर शार्दुल ठाकुर ने दिलाई, जो अहम मौकों पर टीम को विकेट दिलाने के लिए मशहूर हो गए हैं। उनके नाम इस मैच में अब तक चार विकेट दर्ज हो गए हैं। उन्होंने आदिल रशीद के अलावा डेविड मलान, कप्तान जोस बटलर और लियाम लिविंगस्टोन का भी विकेट झटका है। शार्दुल शॉर्ट बाउंसर के अलावा अपनी 'नकल बॉल' के लिए भी जाने जाते हैं। उन्होंने गेंदबाजी से पहले बल्लेबाजी में भी टीम के लिए आकर्षक पारी खेली। उन्होंने भारतीय पारी के दौरान आठवें नंबर पर बल्लेबाजी करते हुए 21 गेंदों पर 30 रनों की तेज पारी खेली। इसमें एक चौका और तीन छक्के शामिल रहे।

विराट की बात करें तो यह मैच उनके लिए कुछ खास नहीं रहा। टी-20 सीरीज में 'मैन ऑफ द सीरीज' का खिताब जीतने वाले विराट इस मैच में मात्र 7 रन ही बना सके। उनकी पारी का अंत इंग्लैंड के ऑफ स्पिनर मोईन अली ने उन्हें क्लीन बोल्ड करके किया। इसके साथ ही मोईन अली भारतीय कप्तान विराट को दो बार क्लीन बोल्ड करने वाले पहले स्पिनर बन गए हैं। इंटरनेशनल क्रिकेट में ये नौवां मौका था जब मोइन अली ने विराट कोहली को अपनी गेंद पर आउट किया और उन्होंने अपने साथी स्पिनर आदिल रशीद की बराबरी भी कर ली। इंटरनेशनल क्रिकेट में न्यूजीलैंड के गेंदबाज टिम साउथी ने भारतीय कप्तान विराट कोहली को अब तक सबसे ज्यादा बार यानी 10 बार आउट किया है।

 

#Kohli

Source : Agency

पाठको की राय